Maharajganj

आपरेशन तलाश टीम के पास पहुंचा पति, पूछा मेरे किस पत्नी को ढूंढ रहे साहब, दूसरी को मत ढूंढिएगा, जानिए फिर क्या हुआ

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : चौक थाना क्षेत्र में एक विवाहिता महिला के गायब होने पर 26 जून 2019 को गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ था। महिला की जांच-पड़ताल के लिए आपरेशन तलाश की टीम गांव में पहुंची। फोटो व अन्य जानकारी एकत्र कर उसके आधार पर छानबीन शुरू की। यह जानकारी महिला के पति को हुई तो वह टीम के पास पहुंचा। पूछा कि साहब आप मेरे किस पत्नी को ढूंढ रहे हैं? पहली पत्नी के गायब होने के बाद वह गुमशुदगी का केस दर्ज कराया था। साल भर बाद जब वह नहीं मिली तो दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी भी फरार हो गई। गुहार लगाई कि उसकी दूसरी पत्नी को मत ढूंढिए। पहली पत्नी को खोज निकालिए। पुलिस कार्यालय के सभागार में एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आपरेशन तलाश के लिए स्वेच्छा से छह पुलिस कर्मियों का नाम मांगा गया था। एक माह के विशेष अभियान के लिए कोतवाली के एसआई मनीष पटेल, पुरन्दरपुर थाना के एसआई विवेक कुमार सिंह, पुरन्दरपुर थाना के हेड कांस्टेबल राणा प्रताप, कोतवाली के कांस्टेबल अजयपाल, मीडिया सेल के विनय कुमार, कोतवाली की महिला आरक्षी संज्ञा तिवारी की टीम को आपरेशन तलाश की कमान सौंपी गई थी। 

टीम ने नेपाल तक संपर्क स्थापित कर तलाश में जुटी

इस टीम ने पिछले एक दशक में अपहरण के दर्ज 27 केस में 17 अपहृता की बरामदगी कर चुकी है। 103 गुमशुदा मामले में से 21 का पता लगाया जा चुका है। दो लापता लोगों की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि आपरेशन तलाश की टीम ने अपहृत व गायब लोगों का डोजियर तैयार की। नेपाल तक नेटवर्क स्थापित किया। सी-प्लान एप से अहम जानकारी एकत्र की, जिसके चलते 38 लोगों का पता लगाया जा चुका है। यह आपरेशन एक माह के लिए था। एसपी ने लोगों से आह्वान किया कि गायब लोगों का सोशल मीडिया पर डोजियर मौजूद है। जिसमें उनकी फोटो के साथ अहम जानकारी भी है। आपरेशन तलाश में पुलिस टीम ने काबीलेतारीफ काम की है। अगर किसी को आसपास के गायब या अपहरण के मामले में कोई जानकारी है तो वह जिले की पुलिस से सम्पर्क कर जानकारी दें। पुलिस समय समय पर यह विशेष अभियान चलाती रहेगी। इस मौके पर एडिशनल एसपी आतिश कुमार सिंह, सीओ सदर अजय सिंह चौहान व आपरेशन तलाश की टीम मौजूद रही।

यह भी पढ़ें : चार उपनिरीक्षक सहित 14 के तबादले, अंकित सिंह बने सोनौली के चौकी इंचार्ज